पीजीआई के प्राइवेट वार्ड में जेएसएसके का मुफ्त इलाज बंद
जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट हुए तो शुरुआती भर्ती की तारीख से देना होगा इलाज और जांच का पूरा खर्च
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीजीआई में अब प्राइवेट वार्ड में भर्ती मरीजों को जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा नहीं मिलेगी। जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट होने वाले मरीजों पर भी यह नियम लागू होगा। उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की शुरुआती तारीख से ही इलाज, जांच और अन्य सेवाओं का पूरा खर्च देना होगा। पीजीआई निदेशक ने 11 नवंबर को इस संबंध में सर्कुलर जारी कर नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं।
पीजीआई प्रशासन के अनुसार कुछ मरीज सीधे प्राइवेट कमरे में भर्ती होने के बाद जेएसएसके के तहत इलाज और जांच का खर्च माफ करवाने की मांग करते थे। वहीं, कुछ मरीज जनरल वार्ड से प्राइवेट कमरे में शिफ्ट होने के बावजूद योजना का लाभ लेते रहते थे। इसे देखते हुए नियम स्पष्ट किए गए हैं। नए निर्देशों के मुताबिक प्राइवेट वार्ड में भर्ती मरीजों को इलाज, जांच और डाइट समेत सभी सुविधाओं का निर्धारित शुल्क देना होगा। हालांकि जनरल वार्ड में भर्ती रहने की अवधि का वार्ड शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्राइवेट कमरे का किराया भी केवल वहां बिताए दिनों के हिसाब से देना होगा। प्रशासन ने सभी विभागों, नर्सिंग अधिकारियों और बिलिंग कर्मचारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।