चंडीगढ़ के ऑटो चालक के मन में भगवान के प्रति भक्ति भाव ऐसा कि उन्होंने लोगों के लिए अपने ऑटो सफर मुफ्त कर दिया है। शहर के ऑटो चालक राम किशोर नवरात्र के दिनों में लोगों को मुफ्त सफर करवा रहे हैं। वह श्रद्धालुओं को पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर तक रोजाना मुफ्त यात्रा करवाते हैं। राम किशोर चंडीगढ़ के कैंबवाला में परिवार सहित रहते हैं और शहर में ऑटो चलाते हैं।
राम किशोर ने बताया कि वह हर साल नवरात्र में लोगों को माता मनसा देवी मंदिर तक मुफ्त यात्रा करवा रहे हैं। बीते छह साल से राम किशोर श्रद्धालुओं को नवरात्र में मुफ्त सुविधा दे रहे हैं। इसके अलावा शिवरात्रि और गुरु पर्व के दिन भी वह लोगों को मुफ्त में यात्रा करवाते हैं। शिवरात्रि के दिन शहर के शिवालयों में जाने वाले शिव भक्तों से वह किराया नहीं लेते। गुरु पर्व के दिन भी शहर के गुरुद्वारों में जाने वाली संगत को भी अपने ई-रिक्शा में मुफ्त सफर करवाते हैं।
राम किशोर ने बताया कि आज से छह साल पहले वह शहर के एक गुरुद्वारा में गए थे। वहां उन्होंने देखा कि लोग यहां सेवा करने आते हैं। उन्होंने भी गुरुद्वारा में सेवा की। तब मन में विचार आया कि लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा पूण्य का काम है। तब से वह लोगों की सेवा के लिए अपने ई-रिक्शा में नवरात्र, शिवरात्रि और गुरु पर्व के दिन लोगों को मुफ्त सफर करवाते हैं।
राम किशोर ने बताया कि नवरात्र के दिनों में माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहती है। लोगों को लाइनों में लगकर माता रानी के दर्शन के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। लेकिन जिन श्रद्धालुओं को वे अपने ई-रिक्शा में लेकर जाते हैं उन्हें मंदिर में वीआईपी एंट्री दी जाती है और माता के दर्शन भी जल्दी हो जाते हैं। क्योंकि मंदिर कमेटी के लोग राम किशोर की तरफ से की जा रही मुफ्त सेवा से अवगत हैं और राम किशोर माता रानी के सेवादार हैं। इसलिए उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी एंट्री दी जाती है।
राम किशोर ने बताया कि वह 2013 से शहर में ऑटो चला रहे हैं। पहले उनके पास ऑटो था, लेकिन अब उन्होंने ई-रिक्शा खरीदा है। राम किशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदाऊं के रहने वाले हैं। वह चंडीगढ़ के कैंबवाला में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं।