यूटी प्रशासन और एजुकेशन डिपार्टमेंट ने फेस्टिवल सीजन में पब्लिक के लिए अपने स्कूल व कॉलेज के गेट खोलने का फैसला किया है। फेस्टिवल सीजन में खरीदारी करने के लिए जब भी कोई मार्केट में जाता है तो उसे सबसे ज्यादा समस्या कार पार्किंग को लेकर होती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग की व्यवस्था की है।
शहरवासी 29 अक्टूबर तक शहर के 18 मार्केट के पास स्थित 30 स्कूलों व कालेजों में मुफ्त में अपने व्हीकल पार्क कर सकेंगे। इनमें सेक्टर- 8, 15, 22, 18, 19, 20, 29, 30, मनीमाजरा मार्केट (बच्चन ढाबा), 32, 34, 44, 46, 35, 37, 38, 40 शामिल है। स्कूलों व कालेज के बंद होने के बाद ही यहां गाड़ी पार्क की जा सकेगी।
जारी आदेशों के मुताबिक शहर की 18 मार्केट के पास स्थित स्कूलों में कोई भी मुफ्त में गाड़ी पार्क कर सकता है। स्कूल की छुट्टी के बाद इन स्कूलों के गेट पार्किंग के लिए खोल दिए जाएंगे।