चंडीगढ़ सेक्टर-17 प्लाजा को वेंडर मुक्त करने के बाद अब प्रशासन यहां की रौनक बढ़ाने की कवायद में जुट गया है। अब यहां आने वाले लोगों को गोल्फ कार्ट में नि:शुल्क प्लाजा घूमने की सुविधा मिलेगी। सोमवार को चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने 10 गोल्फ कार्ट को यहां हरी झंडी दिखाई।
उद्घाटन के मौके पर प्रशासक ने एडवाइजर मनोज परिदा, होम सेक्रेटरी अरुण गुप्ता और मेयर राजबाला मलिक के साथ गोल्फ कार्ट की सवारी का आनंद लिया। प्लाजा में लोगों के लिए ये गोल्फ कार्ट सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चलाई जाएंगी। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव ने बताया कि फिलहाल प्लाजा में 10 गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी। इनकी स्पीड 10 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा न हो इसके लिए हॉर्न भी काफी कम आवाज में बजाया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट में 47 लाख रुपये की लगात आई है। ये गोल्फ कार्ट प्लाजा में लगातार भ्रमण करती रहेंगी। बता दें कि प्लाजा में बुजुर्गों और दिव्यांगों को चलने में परेशानी आती थी, उनकी सुविधा के लिए यह व्यवस्था स्मार्ट सिटी की तरफ से की गई है।
इससे सेक्टर-17 प्लाजा की सुंदरता बढ़ेगी और आवाजाही में भी लोगों को सुविधा होगी। प्लाजा को वेंडर मुक्त करने के बाद यहां की सुंदरता बढ़ाने और लोगों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ने का प्रयास है, जिससे यहां रौनक और बढ़ सके। बैट्रियों से चलने वाली इन गोल्फ कार्ट से प्रदूषण भी नहीं होगा। यह योजना स्मार्ट सिटी की एक महत्वाकांक्षी योजना थी, जिसे आज पूरा किया गया है।
एलईडी से मिलेगी जानकारी, जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा
स्मार्ट सिटी के जीएम एनपी शर्मा ने बताया कि गोल्फ कार्ट चालकों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही प्लाजा में लगातार भ्रमण करने को कहा है। गाड़ी में एलईडी भी लगाई गई है, जो शहर की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लगातार लोगों को जानकारी देगी।
वहीं गाड़ी में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम भी है, जिससे गाड़ी कहां चल रही है, इसकी जानकारी मिलती रहेगी। वहीं गाड़ी में सरकार की योजनाओं की कुछ पुस्तिकाएं भी रखी होंगी। गाड़ी में फायर टेंडर व प्राथमिक चिकित्सा किट भी होंगे ताकि आपात स्थिति में इसका उपयोग किया जा सके।
जल्द ही सेक्टर-17 बस स्टॉप तक चलेंगी गोल्फ कार्ट
स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव ने बताया कि अभी तो गोल्फ कोर्ट को प्लाजा में ही चलाया जाएगा लेकिन जल्द ही इन्हें सेक्टर-17 के पास के बस स्टॉप से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोग सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा करें और उन्हें पैदल चलने की बजाय प्लाजा तक लाने की बेहतर सुविधा दी जा सके। इससे ट्रैफिक जाम व पार्किंग की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिल सकेगी। आगे इसे एप के माध्यम से मोबाइल से भी जोड़ने की योजना है, जिससे समय की भी बचत हो सकेगी।