पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पीयून की नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लाख की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगी जज के गनमैन की है। इतना ही नहीं गनमैन ने युवक को ज्वाइनिंग लेटर भी दिया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब वह नौकरी करने पहुंचा। ठगी का पता चलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने शिकायत पर जालंधर निवासी पंजाब पुलिस के नवजोत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत मेें परमवीर सिंह ने बताया कि वह मोहाली के सिंहपुरा रोड कुराली का निवासी है। कुछ समय पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चौकीदार की नौकरी के लिए अप्लाई किया था। इसके बाद इंटरव्यू के लिए वहां पहुंचा। इंटरव्यू के बाद पिता के दोस्त के पास पहुंचा तो उन्होंने गनमैन नवजोत सिंह के बारे में बताया। नवजोत से मिलने पर उसने नौकरी लगावने की बात कही। उसके बाद अगली मुलाकात में उसे दो लाख रुपये दिए।
कुछ समय बाद चौकीदार की पोस्ट कैंसिल हो गई। जब नवजोत से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने कहा कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दो पीयून की पोस्ट अर्जेंट में निकली है। उसने भरोसा जताकर उसे सचिवालय में बुलाया और उसने पीयून के लिए फार्म भरवाने के बाद 75 हजार नकद लिये और 25 हजार रुपये बैंक के जरिए दिये।
पटियाला में मेडिकल के बाद दिया था ज्वाइनिंग लेटर
नवजोत ने मेडिकल के लिए उसे पटियाला बुलाया। इसके बाद वहां के लोकल अस्पताल में उसका मेडिकल करवाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वहां पर एक मैडम ने फार्म भरवाया और उसके सभी पढ़ाई के सर्टिफिकेट वेरिफाई किये। इसके बाद नवजोत ने उसे ज्वाइनिंग लेटर दिया। लेटर लेकर वह हाईकोर्ट पहुंचा तो चला कि जाली है। इसके बाद नवजोत से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका कुछ नहीं पता चल सका। इससे उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।