मोहाली। फेज-2 में रहने वाली एक महिला से नौकरी देने के नाम पर शातिर ठगों ने 3.60 लाख रुपये ठग लिए। इस संबंध में थाना फेज-1 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता आशिमा निवासी फेज-2 ने पुलिस को बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक कॉल आई। उन्होंने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर कहा कि उनकी कंपनी सोशल मीडिया मार्केटिंग का काम करती है। वह उन्हें सोशल मीडिया पर मार्केटिंग करने का काम देगी। इसके बदले में भुगतान भी किया जाएगा। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर दो अकाउंट भेजे जिन्हें लाइक करने पर 210 रुपये भेजने के बारे में कहा। इसके साथ ही उन्हें पैसे निवेश करने के लिए भी कहा। उन्होंने उनके कहने पर दो हजार रुपये लगाए। इसके बाद उन्होंने उन्हें 2700 रुपये भेजे। उन्होंने उसका भरोसा जीतने के बाद उससे अलग-अलग खातों में 3.60 लाख रुपये डलवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें सभी ग्रुपों से डिलीट कर दिया। वहीं मांगने पर पैसे भी नहीं लौटाए। इससे परेशान होकर इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। शिकायत पर एसएसपी ने थाना फेज-1 पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। अब पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।