पंचकूला। कभी भी किसी अस्पताल में जांच के लिए ऑनलाइन डॉक्टर से अप्वाइंटमेंट लेनी होनी हो नंबर की अच्छे से पड़ताल कर लें। कहीं आप साइबर ठगों के झांसे में तो नहीं फंस रहे। ऐसा मामला पंचकूला में आया। जहां डॉक्टर से ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट रजिस्ट्रेशन के नाम पर पीड़िता के साथ एक लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर 5 पुलिस थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर 12 निवासी निशू की 6 जून को तबीयत खराब हुई थी। उसने ऑनलाइन सेक्टर 11 के श्रीराम हॉस्पिटल का नंबर खोजा और मिले नंबर से डॉक्टर से अप्वाइंटमेंट के लिए कॉल किया। अज्ञात आरोपी ने अप्वाइंटमेंट रजिस्ट्रेशन के लिए 10 रुपये चार्ज लगने की बात कही। साथ ही उसने पीड़िता के मोबाइल नंबर पर दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक कर पीड़िता को 10 रुपये की पेमेंट करने को कहा गया। पीड़िता ने कहे मुताबिक लिंक पर क्लिक कर गूगल पे के माध्यम से 10 रुपये की पेमेंट कर दी। इसके बाद अगले दिन सुबह 6 बजे की अप्वाइंटमेंट दे दी गई। अगले दिन 7 जून को उसने देखा कि उसके मोबाइल पर 1 लाख रुपये डेबिट होने का मैसेज आया। इसके तुरंत बाद वह बैंक गई तो पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई। पीड़िता ने तुरंत अपना अकाउंट नंबर ब्लॉक करवाया और मामले की शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।