ओलांद और मोदी के चंडीगढ़ दौरे के लिए चल रही ट्रैफिक पुलिस की रिहर्सल के दौरान काफिले में एक ट्रक और स्कूटर घुस गया। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के दौरे को लेकर यूटी पुलिस ने राष्ट्रपति के संभावित ट्रैफिक रूट पर रिहर्सल की। इस दौरान रूट पर पुलिस ने डम्मी काफिला दौड़ाकर पूरे रूट पर रिहर्सल की।
रिहर्सल के दौरान पुलिस कर्मचारियों में कम्युनिकेशन की कमी भी उजागर हो गई। जैसे ही दर्जनों कारों का काफिला सेक्टर 26 ट्रांस्पोर्ट लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो पुलिसकर्मियों में तालमेल में कमी की वजह से काफिले में एक ट्रक और स्कूटर चालक घुस गया।
काफिले को टीपीटी लाइट प्वाइंट से बायें मुड़कर मध्य मार्ग पर आना था। इसी दौरान ट्रक और स्कूटर चालक भी डम्मी काफिलें में आ घुसे। हालांकि इस बार राष्ट्रपति का दौरा रविवार वाले दिन है लेकिन रिहर्सल केदौरान ही लोगों को रोका गया। जिससे लोगों को काफी देर तक जामों में फंसना पड़ा और दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि विजिट रविवार को है पर दिक्कतें अभी से ही शुरू हो गई है। इस चूक पर जब पुलिस अधिकारियों से बात की गई तो उनका कहना है कि इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए ही किसी वीवीआईपी दौरे से पहले रिहर्सल की जाती है। ताकि दौरे वाले दिन ऐसी गल्तियां ना हो।
वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अक्सर जब कोई वीवीआईपी विजिट शहर में होती थी तो जिस रूट से उनके काफिले को गुजरना होता था उस सड़क को तो आम लोगों के लिए बंद कर दिया ही जाता था साथ वाली रोड को भी बंद कर देते थे। मगर इस बार ऐसा नही होगा। सिर्फ जहां से इंटरसेक्टशन वाली जगह पर ही बैरिकेडिंग की जाएगी जहां से कोई दाये या बाएं ना घुस सके। एक तरफ से वीआईपी काफिला गुजरेगा तो दूसरी तरफ ट्रैफिक चलता रहेगा।