चंडीगढ़। कोरोना को लेकर बच्चों के साथ ही हर आयु वर्ग के लिए जागरूकता का माध्यम बनने वाले किड्स वायु कोरोना कॉमिक्स के चौथे संस्करण का विमोचन केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने बुधवार को दिल्ली में किया। उन्होंने इस कॉमिक्स को कोरोना से बचाव के लिए एक बेहतर माध्यम बताया।
उनका कहना है कि यह बच्चों के साथ ही हर आयु वर्ग के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इसमें दी गई जानकारी कोरोना काल में रोजमर्रा की चुनौतियों से बचाव में बहुत ही उपयोगी है। इसके माध्यम से बच्चों के व्यवहार को नियंत्रित करने में काफी सफलता मिलेगी। वहीं पंजाब यूनिवर्सिटी के एनवायरमेंटल स्टडीज की प्रोफेसर सुमन मोर और पीजीआई कम्युनिटी मेडिसिन के असिस्टेंट प्रोफेसर रविंद्र का कहना है कि इस कॉमिक्स के माध्यम से कोरोना से बचाव के साथ ही महामारी के इस दौर की जटिलता को सामान्य करना है। इसके संस्करण पीजीआई और पीयू की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। वही पीजीआई डायरेक्टर प्रोफेसर जगतराम व पंजाब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राजकुमार ने इस कॉमिक्स के चौथे संस्करण की लॉन्चिंग पर इसके लेखक और टीम में शामिल सभी सदस्यों को बधाई दी है।