चंडीगढ़। शहर में मंगलवार को कोरोना से जहां चार मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 90 नए मरीज मिले। संक्रमण की रफ्तार के साथ कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी चिंतित हैं।
मंगलवार को जिन चार मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-48 निवासी 76 वर्षीय वृद्ध की जीएमसीएच-32 में मंगलवार को मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही फेफड़े संबंधी बीमारी से भी ग्रस्त थे। वहीं, मक्खन माजरा निवासी 45 वर्षीय महिला ने भी जीएमसीएच-32 में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह लिवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनके अलावा सेक्टर-25 निवासी 56 वर्षीय पुरुष की जीएमएसएच-16 में मौत हुई। वह डायबिटीज के साथ लीवर संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे जबकि सेक्टर-7 निवासी 58 वर्षीय पुरुष की पीजीआई में मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही वह डायबिटीज और हाइपरटेंशन से पीड़ित थे। वहीं, दूसरी तरफ पॉजिटिव मिले 90 मरीजों में पुरुषों की संख्या 54 व महिलाओं की संख्या 36 है। उधर, मंगलवार को स्वस्थ होने पर 66 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। बता दें कि शहर में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 15339 पर पहुंच गई है, जबकि 241 मरीजों की मौत हो चुकी है।