चंडीगढ़। नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार ने धनास कम्युनिटी सेंटर में शराब पीते पकड़े गए चार आउटसोर्स कर्मचारियों को तुरंत नौकरी से हटा दिया है। यह कार्रवाई उन्होंने शहर के कम्युनिटी सेंटर्स के अचानक किए गए शाम के निरीक्षण के दौरान की।
पकड़े गए चारों कर्मचारी नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी थे जिनमें शक्ति व गुरजीत (हॉर्टिकल्चर विंग, सेक्टर-16 शांति कुंज), रॉबिन और अजय कुमार (बिल्डिंग एंड रोड्स विंग, रोड सब डिवीजन नंबर 4) शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी धनास स्थित कम्युनिटी सेंटर की बिल्डिंग में बने ऑफिस के अंदर शराब पी रहे थे और रंगे हाथों पकड़े गए थे। इस गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए आयुक्त ने तत्काल उनकी सेवाएं समाप्त करने के आदेश दिए। साथ ही बीएंडआर विंग के संबंधित जूनियर इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है जो धनास कम्युनिटी सेंटर और उससे संबंधित सभी संपत्तियों के रखरखाव के जिम्मेदार हैं। उन्हें 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक व्यक्तिगत रूप से आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय तक जवाब नहीं देने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने सभी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर्स और जूनियर इंजीनियर्स को निर्देश दिए हैं कि वे निगम की संपत्तियों, विशेष रूप से कम्युनिटी सेंटर्स की सख्ती से निगरानी, उचित रखरखाव और जिम्मेदारीपूर्वक प्रबंधन सुनिश्चित करें। अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग, लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।