चंडीगढ़। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जो छबील लगने के नाम पर चंदा इकट्ठा करते थे। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने लुधियाना के मुस्तकगंज निवासी प्रीतम सिंह (26), पंजाब के रूपनगर निवासी अर्जुन सिंह (23), पटियाला के सुखराम कॉलोनी निवासी गुरमीत सिंह (28) और लुधियाना के इस्लाम गंज निवासी लखविंदर सिंह (24) के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-36 थाना पुलिस को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी एक गिरोह छबील का लंगर लगाने के नाम पर चंदा वसूल रहा है। इसके बाद सेक्टर-36 थाना प्रभारी रणजोध सिंह की अगुवाई में बीते सोमवार को टीम ने सेक्टर-42 से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चंदा वसूलने की रसीद बरामद की है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सभी सेक्टर-52 स्थित एक होटल में पिछले काफी समय से ठहरे हुए थे। ये लोग चंदे से इकट्ठे हुए पैसों को आपस में बांट लेते थे। आरोपियों को मंगलवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर सभी को जेल भेज दिया गया है।