चंडीगढ़। धनास कॉलोनी में अमरजीत उर्फ तोता पर हुई फायरिंग के मामले में सारंगपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सोनीपत निवासी रवि उर्फ रब्बू (24), राहुल (23), सौरव (22) और सन्नी उर्फ सन्नी गोहाना (26) शामिल हैं। इसके साथ अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि मुख्य आरोपी प्रवेश उर्फ बावा अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस ने आरोपियों से बलेनो कार समेत दो वाहन, एक हथौड़ा और कुल्हाड़ी बरामद की है। इससे पहले पुलिस ने धनास निवासी विरेंद्र उर्फ दाडू, सुरेश उर्फ भिंडी, ढकोली निवासी तुषार और किशनगढ़ निवासी रॉकी को गिरफ्तार किया था।
बावा ने रची थी फायरिंग की साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी बावा ने ही पूरी साजिश रची थी। उसके इशारे पर भिंडी ने अमरजीत उर्फ तोता की रेकी की थी। सारंगपुर थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस की टीम बावा की तलाश में हरियाणा और पंजाब के कई ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि बावा और तोता के बीच रंजिश चली आ रही थी। दोनों पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं और एक-दूसरे पर हमले कर चुके हैं। बावा को पंजाब की अदालत एनडीपीएस एक्ट के एक केस में सजा सुना चुकी है। वह पिछले कई महीनों से फरार है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह है पूरा मामला
यह घटना 27 सितंबर की रात की है। धनास ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी अमरजीत उर्फ तोता अपने दोस्तों के साथ घर में बैठा था। करीब रात 9:20 बजे, 7–8 नकाबपोश युवक हथौड़ों और डंडों से लैस होकर पहुंचे। तोता किसी तरह अंदर भागकर गेट बंद करने में सफल रहा लेकिन हमलावरों ने गेट तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान पिछला दरवाजा बंद करने की कोशिश में सुनील नामक युवक के हाथ में गोली लग गई। वारदात के बाद हमलावर धमकियां देते हुए फरार हो गए थे।