चंडीगढ़। बापूधाम में एक व्यक्ति के फंदा लगाने के मामले में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपियों को अग्रिम जमानत मिली हुई थी, ऐसे में उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई। आरोपियों की पहचान बापूधाम कॉलोनी निवासी मोहम्मद इमरान (35), मोहम्मद दिलशाद (40), मुस्तकिम अहमद (40) और जैनुल (26) के रूप में हुई है।
सेक्टर-26 थाना पुलिस ने बीते 23 फरवरी को चारों के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि चारों ने उक्त व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाया। शिकायतकर्ता बापूधाम कॉलोनी निवासी मोहम्मद सुफियान ने पुलिस को बताया था कि वह बापूधाम कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। आठ नवंबर 2021 को सेक्टर-28 में डेंटिंग-पेंटिंग के काम के बाद शाम लगभग सात बजे वह घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर पहुंचने पर उसके पिता नईम अहमद (47) घर की छत पर लोहे के गाटर के साथ मफलर के सहारे फंदे पर लटके हुए थे।
शिकायतकर्ता ने अपने पिता को नीचे उतारा और अपने मामा के लड़के को मौके पर बुलाया। इसके बाद वह पिता को सेक्टर-16 के अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दे दिया। उसके पिता की जेब से एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उन्होंने चारों आरोपियों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट को सीएफएसएल लैब में लिखावट के मिलान के लिए भेजा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी सेक्टर-26 की मंडी में काम करते थे और उन्होंने उसके पिता की कोई वीडियो बनाई थी, जिसे वह अपने दोस्तों को दिखाकर उसके पिता का मानसिक शोषण करते थे।