चंडीगढ़। प्रॉपर्टी फेडरेशन (चंडीगढ़) ने कमलजीत सिंह पंछी के नेतृत्व में रविवार को सेक्टर-22 स्थित एक निजी होटल में वार्षिक आम सभा की बैठक की। इसमें हाल ही में हुई हेरिटेज कमेटी के फैसलों पर चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने प्रशासक के सलाहकार से हेरिटेज कमेटी के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
बैठक में एस जेडी गुप्ता, नरिंदर सिंह, अमित जैन, एसए खान, संजय जैन, इंद्रजीत सिंह, नरेश बंसल, तरलोक सिंह, नवदीप शर्मा और अन्य, सहित अन्य उपस्थित रहे। सदस्यों का तर्क है कि कम से कम सेक्टर-31 से आगे सेक्टरों में शेयर अनुसार रजिस्ट्रियां बहाल करें क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों में इन क्षेत्रों के बारे में कुछ भी उल्लेख नहीं किया गया है। यह दृष्टिकोण प्रभावित व्यक्तियों को आंशिक राहत प्रदान करेगा। प्रशासन को भी स्टांप ड्यूटी के रूप में अधिक राजस्व की कमाई होगी। हेरिटेज कमेटी के मुद्दे के अलावा बैठक में संपदा कार्यालय के दैनिक कार्यों पर भी चर्चा हुई, जहां कई लंबित फाइलों के कारण जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उपस्थित लोगों सदस्यों ने निर्णय लिया कि प्रॉपर्टी फेडरेशन चंडीगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस महत्वपूर्ण मामले को संबोधित करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के वित्त सचिव से मिलेगा।