पठानकोट। प्रेम प्रसंग के चलते हुए हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी भागने में कामयाब रहा। थाना नरोट जैमल सिंह पुलिस ने पहले दो आरोपियों को काबू किया था। इसके बाद दो अन्य आरोपी रघु और वीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी नाबालिग हैं, जिन्हें अदालत में पेश कर जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि रघु को पुलिस ने दबोचा, जबकि वीर ने स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। इस मामले में पांचवां आरोपी मनू अब भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने झेला आमदा निवासी कुशल की डंडों से बेरहमी से पिटाई की थी। सिर पर डंडा लगने से कुशल को गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के अनुसार, कुशल प्रेम प्रसंग के चलते युवती से मिलने उसके घर की ओर गया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। संवाद