चंडीगढ़। बीती शनिवार रात बापूधाम कालोनी में एक युवती को लेकर हुए झगड़े में एक युवक के पिता की मौत के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बापूधाम कालोनी निवासी मोनिस, दानिश, नदीम और कासिम के रूप में हुई है। मंगलवार को आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
वहीं सोमवार को जीएमएसएच-16 में मृतक मुस्तकीम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेज दिया है। जहां रिपोर्ट आने के बाद पुलिस धारा में बदलाव कर सकती है। गौरतलब है कि बापूधाम निवासी भतीजे सुलेमान ने आरोप में लगाया था कि चाचा मुस्तकीम बापूधाम फेज-2 स्थित मकान नंबर 34 में पत्नी और बेटे अरबाज (19) व साहुल (21) के साथ रहते थे। उनका सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में फलों का काम है। सुलेमान का आरोप था कि वारदात के एक दिन पहले बापूधाम के रहने दानिश और साहुल के बीच किसी युवती को लेकर काफी कहासुनी हो गई। इसके बाद शनिवार रात करीब 9.30 बजे दानिश, कासिम, मोनिस, नदीम कुछ अन्य युवकों के साथ रॉड, डंडे और तलवार लेकर मुस्तकीम घर साहुल को मारने पहुंच गए। साहुल नहीं मिला तो सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने मुस्तकीम पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पीसीआर की मदद से गंभीर रूप से जख्मी मुस्तकीम को जीएमएसएच-16 पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी 304 ( गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है।