चंडीगढ़। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार एक बाउंसर को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। बाउंसर के पिस्टल लाइसेंस की समय सीमा छह महीने पहले समाप्त हो चुकी थी। बावजूद इसके वह पिस्टल लेकर खुलेआम घूम रहा था। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने रोहतक के गांव इस्माइला निवासी मनोज के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-26 थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात सेक्टर-7 स्थित सिप एंड डाइन होटल के पीछे नाका लगा रखा था। इस दौरान उक्त युवक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी में अपने दोस्तों के साथ वहां से गुजर रहा था। गाड़ी को रोककर युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उसके पास पिस्टल का लाइसेंस है। जांच में सामने आया कि लाइसेंस की समय सीमा 11 जून 2020 को समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद पिस्टल लेकर घूम रहा था। इसके बाद पुलिस उसे सेक्टर-26 थाने में ले गई, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज खुड्डा लाहौरा में रहकर बाउंसर का काम करता है। हालांकि, पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया।