संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के गुम हुए 328 पवित्र स्वरूपों के मामले में एसआईटी की जांच तेज हो गई है। रविवार को एसजीपीसी के पूर्व पब्लिकेशन इंचार्ज परमदीप सिंह खटरा और उनके बेटे काका सिंह के घर पर छापा मारा। खटरा व उनके परिवार को लगभग तीन घंटे हिरासत में रखा गया और पूछताछ की गई।
घटना के दौरान खटरा के घर को पूरी तरह सील कर दिया गया और किसी को बाहर जाने या अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि इस दौरान कोई अहम दस्तावेज या सबूत नहीं मिले। खटरा ने गिरफ्तारी रोकने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। कोर्ट ने इस याचिका पर सरकार से नौ जनवरी को जवाब मांगा है। एसआईटी की कार्रवाई इस मामले में लगातार बढ़ते दबाव के बीच हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अब तक मिले सुरागों के आधार पर अगले चरण में और भी पूछताछ की जा सकती है। खटरा के बयान और दस्तावेजों की जांच से एसआईटी को यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि 328 पावन स्वरूप कहां गए और किस स्थिति में हैं, ताकि मामले में ठोस कार्रवाई की जा सके।