पूर्व केंद्रीय रेलमंत्री पवन बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलेट ट्रेनों को देश में चलाने के ड्रीम प्रोजेक्ट पर सवाल खडे़ कर दिए हैं। पवन बंसल ने कहा कि मोदी सरकार और रेलमंत्री सुरेश प्रभु पहले देश के यात्रियों का दर्द समझ लें, उसके बाद बुलेट ट्रेनें तो चलती रहेंगी।
पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल शोकसभा के दौरान अंबाला आए थे और ‘अमर उजाला’ से मुखातिब थे। पवन बंसल ने कहा कि आज सरकार चीन और जापान की बुलेट ट्रेनों की ओर तो देख रही है, उसी तर्ज पर यहां भी ऐसी ट्रेनें चलाना भी चाहती है, मगर सरकार इसके साथ-साथ चीन और जापान की टेक्नोलॉजी और विकास दर तो देख ले, क्या वर्तमान स्थिति में देश टेक्नोलॉजी और डेवलपमेंट के मामले में चीन और जापान को टक्कर दे सकता है।
पूर्व रेल मंत्री के अनुसार इसलिए वर्तमान हालातों में मोदी सरकार और रेलमंत्री को सबसे पहले इंडियन रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देनी चाहिए। पूर्व सरकार के शासन काल में इस पर काम भी शुरू हो चुका था। हमारी रेलवे के पास इतना मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर है कि हम अधिकतर ट्रेनों को आज भी 120 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ा सकते हैं।
पूर्व रेल मंत्री के अनुसार सरकार ने कोलकाता से अमृतसर तक बनने वाले ईस्टर्न डेडीकेटिड फ्रेट कोरिडोर का काम लटका रखा है। इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा कराकर सरकार तमाम मालगाड़ियों को इस कोरिडोर पर चलाए तो अपने आप ही ट्रैक दूसरी ट्रेनों के लिए खाली हो जाएंगे और फिर इन ट्रेनों की रफ्तार भी तेज हो जाएगी।
बुलेट ट्रेनें एक आईकन प्रोजेक्ट है, मैं उसके खिलाफ नहीं हूं, मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि हाईस्पीड ट्रेनें तो चलती रहेंगी, मगर आज के हालातों को देखते हुए सबसे पहले यात्रियों का दर्द समझें।
विदेश तो ठीक, मगर देश को भी पीएम की जरूरत
फ्रांस की मदद से अंबाला और लुधियाना रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने के बारे में पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल ने कहा कि फ्रांसिस राष्ट्रीय रेलवे से पूर्व सरकार के कार्यकाल में ही बात चल रही थी।
अंबाला, लुधियाना समेत अन्य स्टेशनों को भी वर्ल्ड क्लास बनाया जाना था। ये पूर्व सरकार का ही प्रोजेक्ट है, वर्तमान भाजपा सरकार इस परियोजना पर सिर्फ वाहवाही लूटना चाहती है। अंबाला और लुधियाना उत्तर भारत के बेहद महत्वपूर्ण स्टेशन हैं, इसलिए इनका कायाकल्प और यहां सुविधाओं का बढ़ना बहुत जरूरी है।
देशवासियों को भी पीएम की बहुत जरूरत: पीएम के विदेशी दौरों पर तंज कसते हुए पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल ने कहा कि पीएम विदेशी दौरे तो कर रहे हैं, ठीक है, लेकिन अपने देशवासियों को भी पीएम की बहुत जरूरत है। मैं हैरान हूं कि पीएम इंडिया के बड़े बिजनेसमैन घरानों को लेकर विदेशों में घूम रहे हैं, क्या बाहर के पीएम और राष्ट्रपति यहां आते हैं तो उनके साथ तो कोई बिजनेसमैन नहीं होता।
इसलिए ऐसा लग रहा है कि यह सरकार बिजनेसमैन घरानों की सरकार है। उन्हीं की चिंता सरकार को ज्यादा सताती है। आम आदमी के दर्द और उनकी समस्याओं से सरकार को कोई सरोकार नहीं।