चंडीगढ़। पीजीआई के पूर्व प्रोफेसर डॉ. रमेश सेन को शनिवार को बंगलूरू के रमैया मेडिकल कॉलेज में एनएएमएस के 63वें वार्षिक सम्मेलन के दौरान नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनएएमएस) की ओर से प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। डॉ. सेन को यह सम्मान कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह बघेल की उपस्थिति में दिया गया। डॉ. सेन वर्तमान में मैक्स हॉस्पिटल मोहाली में प्रिंसिपल डायरेक्टर व ऑर्थोपेडिक सर्जरी के प्रमुख हैं। डॉ. सेन को ऑर्थोपेडिक सर्जरी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में वर्ष 2023 के लिए सम्मानित किया गया। रिवीजन हिप और घुटने की आर्थोप्लास्टी सर्जरी के साथ-साथ डॉ. सेन को ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी में महारत हासिल है। इससे पूर्व उन्हें एसोसिएशन ऑफ पेल्वी एसिटैबुलर सर्जन ऑफ इंडिया के पहले अध्यक्ष और नॉर्थ जोन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष होने का गौरव भी प्राप्त है।