जिला परिषद के सदस्य चंचल राणा ने कहा कि पूर्व सांसद के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। सांसद रहते हुए चोपड़ा ने गांव को गोद लिया था और बाकायदा गांव की सभी समस्याएं समाप्त की। सबसे बड़ी बात स्कूल को अपग्रेड कराया और गांव में सड़कों आदि के अलावा नये आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए।
उस समय गांव को नेशनल अवार्ड भी मिला था। चंचल राणा ने कहा कि जब उन्होंने गांव को गोद लिया था तो उस समय गांव में कई समस्याएं थी लेकिन आज गांव में सभी समस्याएं समाप्त हो गई हैं। उनके निधन से गांव में शोक की लहर है।
पार्षदों को शपथ दिला बोले, सीएम नहीं एमपी सिटी भी है करनाल..
करनाल नगर निगम के पिछले कार्यकाल में 14 जुलाई 2017 को निगम में पार्षदों का कुनबा बड़ा था। तीन पार्षद सरकार की ओर से मनोनीत किए गए थे। मनोनीत पार्षद वीर विक्रम कुमार, अशोक कुमार व जगदीश चंद्र सभ्रवाल को शपथ दिलाने के लिए पंचायत भवन में आयोजित समारोह में पूर्व सांसद अश्वनी चोपड़ा मुख्यातिथि के रूप पहुंचे थे।
तीनों मनोनीत पार्षदों को उन्होंने शपथ दिलाने के बाद जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने का मंत्र भी दिया था। साथ ही यह भी कहा कि करनाल शहर सीएम सिटी होने के साथ-साथ एमपी सिटी भी है, नगर निगम के सभी पार्षदों व आम लोगों के सहयोग से करनाल स्मार्ट होगा।
सांसद अश्वनी चोपड़ा मिलनसार स्वभाव के थे। इसीलिए लोग उन्हें शहर में होने वाले हर धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचने का न्यौता देते थे। फिर चाहे दशहरा, जन्माष्टमी हो या छठपर्व, वे कार्यक्रम में जरूर पहुंचते थे। वर्ष 2015 में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सेक्टर आठ मार्केट में जय ओंकार यज्ञ समिति की ओर से 108 कुंडीय ओंकार यज्ञ का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में सांसद अश्वनी चोपड़ा पहुंचे थे।
कैप्टन ने निधन पर दुख जताया
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूर्व सांसद अश्वनी कुमार (मिन्ना) चोपड़ा के देहांत पर दुख प्रकट किया है। अश्विनी चोपड़ा 63 वर्ष के थे। उनका लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने सीनियर पत्रकार द्वारा निभाई गईं शानदार सेवाओं को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस की आजादी के लिए सक्रिय भूमिका अदा की।
उन्होंने कहा कि अश्वनी कुमार के चले जाने से पत्रकारिता के क्षेत्र में सूनापन पैदा हो गया, जिसे दूर करना बहुत मुश्किल है। अश्वनी मिन्ना को बुद्धिमान राजनीतिज्ञ और प्रसिद्ध पत्रकार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सांसद अपने अखबार के कॉलमों द्वारा पंजाब के सर्वपक्षीय विकास और समाज के सभी वर्गों की भलाई के मसलों को लगातार उठाते रहे और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को कायम रखा।