प्लॉट घोटाले में नामजद पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल विजिलेंस की पकड़ से दूर हैं। उनके दिल्ली में छिपे होने की संभावना है। बादल को पकड़ने के लिए विजिलेंस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। वहीं अब तक पकड़े जा चुके आरोपी राजीव कुमार, विकास आरोड़ा, अमनदीप सिंह और फरार पीसीएस अधिकारी बिक्रमजीत शेरगिल, सुपरिंटेंडेंट पंकज अगले सप्ताह अपनी जमानत याचिका अदालत में दायर कर सकते हैं। इससे पहले मनप्रीत बादल ने बीते दिनों अपने वकील के जरिये जिला अदालत में जमानत याचिका दायर की थी। जिसकी सुनवाई 4 अक्तूबर को है।
सूत्रों ने बताया कि फरार चल रहे मनप्रीत बादल की जमानत याचिका पर सुनवाई की तारीख 4 अक्तूबर जैसे-जैसे नजदीक आ रही, वैसे-वैसे विजिलेंस पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ रहा है। सूत्रों से पता चला है कि विजिलेंस हर हाल में मनप्रीत को जमानत से पहले गिरफ्तार करना चाहती है, ताकि मनप्रीत बादल को रिमांड पर गहराई से पूछताछ कर सके। अगर मनप्रीत बादल को अदालत से जल्द राहत मिलती है तो विजिलेंस के हाथ कुछ खास नहीं लग पाएगा।
यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi: अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी, स्वर्ण मंदिर में हुए नतमस्तक, पगड़ी की बजाय पहना नीला पटका
सीएम के बयान को बनाया जमानत का आधार
सूत्रों से पता चला है कि वकील सुखदीप सिंह भिंडर ने मनप्रीत बादल की जो जमानत याचिका अदालत में दायर की है, उसमें उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान के वीडियो को आधार बनाया है, जिसमें मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मनप्रीत बादल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि उस समय मनप्रीत के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ था।
इसी बीच मनप्रीत बादल ने राजनीतिक रंजिश का शिकार होने की संभावना जताते हुए एक सप्ताह पहले अपने वकील के जरिये अग्रिम जमानत याचिका अदालत में दायर की थी। जिसकी सुनवाई अदालत ने 26 सितंबर को करनी थी। लेकिन इससे पहले ही विजिलेंस ने मनप्रीत बादल सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज लिया। इसके बाद वकील भिंडर ने मनप्रीत की अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी। सूत्रों का कहना है कि अगले सप्ताह बुधवार 4 अक्तूबर को मनप्रीत बादल वाली जमानत याचिका पर अदालत ने सुनवाई करनी है, जिसके चलते बाकी आरोपी सुनवाई का निर्णय सुनने के बाद ही जमानत याचिका लगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Jalandhar: घर के बाहर बंद ट्रंक में मिली तीन लापता बहनों की लाश, पिता पर ही हत्या का आरोप
पहले राजस्थान में ली थी पनाह
सूत्रों के अनुसार पहले मनप्रीत ने राजस्थान में पनाह ली थी। लेकिन जब विजिलेंस ने एलओसी जारी किया तो राजस्थान से ठिकाना बदल लिया। अब मनप्रीत बादल के दिल्ली में छिपे होने की संभावना है। इस बारे में विजिलेंस के उच्च अधिकारियों के पास लगातार इनपुट पहुंच रहा है। जिसके चलते विजिलेंस दिल्ली में मनप्रीत बादल को गिरफ्तार करने के लिए सर्च कर रही है।
चंडीगढ़ में मनप्रीत की पत्नी ने नहीं दी कोई जानकारी
सूत्रों का कहना है कि जब विजिलेंस ने मनप्रीत बादल की चंडीगढ़ स्थित कोठी में रेड की थी। उस समय उनकी पत्नी कोठी में मौजूद थीं। रेड के दौरान मनप्रीत बादल की पत्नी ने विजिलेंस को कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि अदालत ने मनप्रीत बादल की गिरफ्तारी के वारंट जारी किए हुए हैं। जिसकी अगली तारीख 12 अक्तूबर है।