चंडीगढ़। पीजीआई के पूर्व निदेशक प्रो. इकबाल चंद पाठक का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन पर पीजीआई में शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल चिकित्सा सर्जरी के क्षेत्र के एक करिश्माई शिक्षक और संरक्षक को खो देने पर दुख व्यक्त किया गया। प्रो. इकबाल चंद पाठक पीजीआई बाल चिकित्सा सर्जरी विभाग के संस्थापक अध्यक्ष भी थे। उनका जन्म 7 अप्रैल 1925 को पंजाब में हुआ था। अमृतसर मेडिकल कॉलेज से स्नातक के बाद उन्होंने लंदन के हॉस्पिटल फॉर सिक चिल्ड्रन से बाल चिकित्सा सर्जरी में उच्च प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 1962 में वह पीजीआई में सर्जरी में सहायक प्रोफेसर के रूप में शामिल हुए। जून 1968 में उन्होंने बाल चिकित्सा विभाग की स्थापना की, जो भारत के उत्तर पश्चिमी भाग में अपने तरह का पहला स्वतंत्र विभाग था। प्रो. पाठक को वर्ष 1981 में पीजीआई का निदेशक नियुक्त किया गया था। इस पद पर रहते हुए वह 1985 में सेवानिवृत्त हुए। वह वर्ष 1983 से 85 तक भारत के राष्ट्रपति के मानद सर्जन भी रहे।