पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग को चेक बाउंस के मामले में जिला कोर्ट से जमानत मिल गई है। आरोपी को सात करोड़ के चेक बाउंस मामले में बीते सप्ताह मनीमाजरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। करीब आठ दिन से आरोपी बुड़ैल जेल में बंद था।
इस मामले में हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित श्री नैना प्लास्टिक कंपनी को दिल्ली की जाल्टा कंपनी ने 2017 में कुछ मैटीरियल सप्लाई करने का ऑर्डर दिया था, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने इसके एवज में जून 2018 को सात करोड़ के चेक दिए थे। लेकिन जब यह चेक खातों में लगाए गए तो वे बाउंस हो गए। इसके बाद कंपनी ने वर्ष 2018 में तीन डायरेक्टर्स विनोद सहवाग, विष्णु मित्तल और सुधीर मल्होत्रा के खिलाफ चेक बाउंस का केस फाइल कर दिया, लेकिन आरोपी पक्ष कभी कोर्ट में पेश नहीं हुए। सितंबर 2023 में कोर्ट ने तीनों डायरेक्टर्स को पीओ करार देते हुए इनके खिलाफ मनीमाजरा थाने में केस दर्ज करवाया था। 1 मार्च को आरोपी विनोद सहवाग को गिरफ्तार किया था।