मोगा। निहाल सिंह वाला की पूर्व विधायक बीबी राजविंदर कौर भागीके ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़कर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का दामन थाम लिया। यह आयोजन मोगा के गांव बूटर में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की उपस्थिति में हुआ, जिसमें मोगा जिले के वरिष्ठ अकाली नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्टी को और मजबूत करने की दिशा में आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की गई।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल लगातार मजबूत हो रहा है और पुराने नेता पुनः पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी पंजाब के लोगों की सच्ची आवाज है और बीबी राजविंदर कौर का आना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है।
इसके अलावा सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को पेश हुए केंद्रीय बजट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया गया है और इस बजट में भी राज्य को कुछ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार पंजाब की मांगों को मजबूती से केंद्र सरकार के सामने नहीं रख पाई, जिसके कारण राज्य को किसी प्रकार की मदद नहीं मिली।