राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते पूर्व सीएम हुड्डा
हरियाणा रोडवेज की हड़ताल को खत्म कराने के लिए राजभवन पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किलोमीटर स्कीम पर सरकार को घेरा है। हुड्डा ने कहा कि किलोमीटर स्कीम चहेतों और चहेती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाई गई है, इसका जनता से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा सरकार किलोमीटर स्कीम को तत्काल रद्द कर हड़ताल खत्म कराए, अगर ऐसा नहीं किया गया तो सत्ता में आने पर कांग्रेस इसे रद्द करेगी।
हुड्डा राजभवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले हुड्डा की अगुवाई में आठ समर्थक कांग्रेस विधायकों कुलदीप शर्मा, श्रीकृष्ण हुड्डा, आनंद सिंह दांगी, गीता भुक्कल, जगबीर सिंह मलिक, करण सिंह दलाल, जयतीर्थ दहिया, शकुंतला खटक, पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, फूलचंद मुलाना, निर्मल सिंह, पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा व पूर्व चेयरमैन चक्रवर्ती शर्मा ने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को हड़ताल खत्म कराने के लिए ज्ञापन सौंपा।