पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आईडी स्वामी का सोमवार को शहर के अर्जुन गेट स्थित शिवपुरी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। आईडी स्वामी के पार्थिव शरीर को उनके पुत्र राजेंद्र स्वामी ने मुखाग्नि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, गृहमंत्री अनिल विज, सांसद संजय भाटिया, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर, पुंडरी के विधायक रणधीर सिंह गोलन, महीपाल ढांडा, पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी, पूर्व विधायक भगवानदास कबीर पंथी, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन आंनद, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, आईजी योगेंद्र सिंह नेहरा, डीसी विनय प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार भोरिया और बड़ी संख्या में शहर लोग मौजूद रहे।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री करीब 11 बजे दिवंगत आईडी स्वामी के निवास स्थान सेक्टर-13 में पहुंचे और उन्होंने आई.डी. स्वामी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर शोकाकुल परिवार के साथ दुख प्रकट किया। सीएम ने कहा कि आईडी स्वामी के निधन से भाजपा के साथ-साथ समाज को एक बड़ी क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। शवयात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने आईडी स्वामी को कंधा भी दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गई।
विलक्षण प्रतिभा के धनी थे आईडी स्वामी
विलक्षण प्रतिभा के धनी आईडी स्वामी का जन्म 10 अगस्त 1929 को अंबाला जिला के गांव मोहड़ा में हुआ था। उन्होंने गांव के स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ली और फिर कॉलेज की शिक्षा अंबाला कैंट में ली। पंजाब यूनिवर्सिटी से एमए, एलएलबी की। इसके बाद पंजाब सिविल सर्विस में चयनित हुए और सिटी मजिस्ट्रेट तथा एसडीएम जैसे पदों पर रहे।