चंडीगढ़। यदि किसी मतदाता को अपने वोट व पोलिंग बूथ के बारे में जानकारी चाहिए तो वह चुनाव आयोग की वेबसाइट व हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर जानकारी ले सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि कोई भी मतदाता अपना वोट बनवाना चाहता है तो वह 26 अप्रैल तक अपने वोट बनवा सकता है। इसके अलावा यदि कोई मतदाता अपने वोट को ट्रांसफर करवाना चाहता है, तब भी वह 26 अप्रैल तक आवेदन कर सकता है। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान करते हुए कहा कि मतदान करना उनका अधिकार है। चुनाव में मतदान करने का मौका पांच साल बाद मिलता है। यह अवसर हमें गंवाना नहीं चाहिए बल्कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करके अपने आप को गौरवान्वित महसूस करें। हमारे देश में युवाओं की संख्या अधिक है, इसलिए भारत को युवा देश कहते हैं। इस बात को युवाओं को समझना होगा कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता चुनाव प्रक्रिया के पूर्ण होने तक लागू रहेगी। कहीं पर भी संहिता का उल्लंघन नजर आता है तो इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1950 व सी विजिल एप पर कर सकते हैं।