अब ऐसी गलती नहीं होगी, बस इस बार जिता दें। माफी मांगते हुए यह गुजारिश फिरोजपुर से शिअद के उम्मीदवार शेर सिंह घुबाया ने क्षेत्र की जनता से की।
वह गोलूका स्थित एक पैलेस में पार्टी वर्करों, पदाधिकारियों और अन्य लोगों से मुखातिब थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सभी नाराजगी दूर कर पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील की। घुबाया पर क्षेत्र के लोगों से नहीं मिलने का आरोप है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनाना है। क्योंकि, कांग्रेस ने पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो विकास के कार्य युद्घ स्तर पर होंगे। इस दौरान उन्होंने अकाली नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की।
सभा में सफाई देते हुए घुबाया ने कहा कि समय की कमी के कारण वह लोगों से संपर्क नहीं कर सके। इस बार उन्हें जीता दें, आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।
सभा में हलका इंचार्ज गुरहरसहाय वरदेव सिंह मान, फिरोजपुर देहाती के विधायक जोगिंद्र सिंह जिन्दू, पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू, बल्लू आना के विधायक गुरतेज सिंह घुनियाना, भादू अबोहर की विजय लक्ष्मी, कोट भाई के विधायक हरप्रीत सिंह, मुक्तसर के रोजी बरकंदी, जलालाबाद के दविंदर सिंह बब्बल, फिरोजपुर के रविंदर सिंह बब्बल आदि ने घुबाया को अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक वोट दिलवाने का संकल्प लिया।
खुईयां सरवर में मोदी नाम का सहारा
अबोहर (फिरोजपुर)। गांव खुईयां सरवर में मंगलवार शाम हुई सभा में ग्रामीणों ने शिअद (ब) प्रत्याशी शेर सिंह घुबाया को जमकर सुनाया, तो घुबाया ने कहा कि इस बार मुझे नहीं, नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए अकाली-भाजपा को वोट दें।
खुईयां सरवर की चुनावी सभा में घुबाया ने वोट मांगे तो जवाब मिला कि पांच साल तक न तो सूरत दिखाई और न ही वादे पूरे किए।
न ही अबोहर के गांवों का दौरा किया। कई गांवों में छप्पड़ों के गंदे पानी की निकासी न होने के कारण लोग दुखी हैं। घुबाया ने इनके विकास पर भी ध्यान नहीं दिया। लोगों के सवालों का घुबाया कोई जवाब नहीं दे पाए। अंत में घुबाया ने यहां भी माफी मांगी।