चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के सोशल वर्क विभाग की ओर से एमए सोशल वर्क में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इसमें दाखिला कैसे लें, क्या योग्यता है, कितनी सीटें हैं संबंधित जानकारी विभाग ने सोमवार को ऑनलाइन अपलोड कर दी है। किसी भी विषय में स्नातक 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास करने वाले उम्मीदवार पीयू के एमए सोशल वर्क में दाखिला ले सकते हैं। कोर्स में कुल 33 सीटें हैं। दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें उम्मीदवार को 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक लेने अनिवार्य हैं। प्रश्नपत्र में 75 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। यह 90 मिनट का पेपर होता है। पेपर में पास होने वाले उम्मीदवार को ग्रुप डिस्कशन और साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है। इसके बाद मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाता है। दाखिला प्रक्रिया पीयू सीईटी पीजी के तहत करवाई जा रही है। दाखिला परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल को शुरू हो गई थी। पीयू सीईटी पीजी दाखिला परीक्षा 10 और 11 जून को आयोजित करवाई जाएगी। इसके लिए चंडीगढ़, लुधियाना, होशियारपुर और मुक्तसर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। उम्मीदवारों को ऑनलाइन ही पीयू की वेबसाइट https://cetpg.puchd.ac.in पर आवेदन करना होगा। दाखिला आवेदन के लिए सामान्य श्रेणी की फीस 2395 रुपये, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी की फीस 1198 रुपये और अतिरिक्त विषय चयन करने पर 675 रुपये फीस जमा करनी होगी।
पीयू सीईटी पीजी के तहत दाखिले की मुख्य तारीखें
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का दिन : 20 अप्रैल
वेबसाइट पर लॉगइन जनरेट करने का आखिरी दिन : 20 मई
ऑनलाइन माध्यम के जरिए फीस जमा करवाने का आखिरी दिन : 23 मई
फोटोग्राफ और हस्ताक्षर अपलोड करने का आखिरी दिन : 25 मई
ऑनलाइन रोल नंबर अपलोड होने का दिन : 5 जून
दाखिला परीक्षा का दिन : 10 और 11 जून
उत्तर कुंजी अपलोड होने का दिन : 20 जून