पंजाब खाद्य विभाग के घोटालों को लेकर पंजाब सरकार ने सख्त रवैया अपना लिया है। खाद्य विभाग में गुरुवार को तीन करोड़ रुपये के एक घोटाले में पटियाला में तैनात खाद्य निरीक्षक गुरिंदर सिंह को बर्खास्त कर दिया गया। खाद्य निरीक्षक पर गेहूं की 20294 बोरियों को गायब करने का आरोप है। खाद्य विभाग पटियाला में पिछले कई दिन से खाद्य निरीक्षक के खिलाफ विभागीय मंत्री को शिकायत मिल रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने इस पूरे मामले की जांच कराने का फैसला किया। जांच के लिए मोगा में पनसप के जिला मैनेजर अनंत शर्मा, संगरूर के गौरव आहलूवालिया और मोगा के फील्ड आफिसर अविनाश गोयल को जिम्मेदारी दी गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि गेहूं के भंडारण में कमी है। इसके बाद 17 अगस्त को थाना सदर पटियाला, जिला पटियाला में कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पनसप की एमडी अमृत कौर गिल ने खाद्य निरीक्षक को बर्खास्त करने की कार्रवाई की है।
छुट्टी पर चल रहा खाद्य निरीक्षक
मामले में फिजिकल वेरिफिकेशन टीम के ध्यान में स्टॉक की कमी सामने आने के बाद पूछताछ करने पर यह पता लगा कि संबंधित खाद्य निरीक्षक एलटीसी छुट्टी पर चला गया था। मुकदमा दर्ज कराने तक खाद्य निरीक्षक ने ज्वाइन नहीं किया है। फिलहाल दोषी खाद्य निरीक्षक फरार है। जांच जारी है।