सिटी ब्यूटीफुल के निवासियों के लिए खुशी की खबर है। अगले सप्ताह से आटे के रेट में दो रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमी हो सकती है।
गेहूं की नई फसल आने के बाद चंडीगढ़ चक्की ऑनर एसोसिएशन ने यह फैसला लिया है। एसोसिएशन की आधिकारिक घोषणा में एक या दो दिन लग सकते हैं। अभी 23 रुपये प्रति किलो आटे का भाव चल रहा है।
इसमें दो रुपये की कमी होने पर 21 रुपये तक कीमत आ जाएगी। कीमत कम होने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी। शहर की जनसंख्या करीब 11 लाख है। रोज लगभग दो सौ टन आटे की यहां खपत है। शहर में 60 आटा चक्की हैं। एसोसिएशन के 45 सदस्य हैं।
सोशल वेलफेयर काउंसिल चंडीगढ़ के चेयरमैन एसएस भारद्वाज ने एसोसिएशन के फैसले का स्वागत किया है। भारद्वाज का कहना है कि बढ़ती महंगाई में लोगों को राहत दिलाने का यह अच्छा फैसला है। इससे हर घर में चालीस रुपये का लाभ होगा। आटे की दस किलो की एक थैली पर 20 रुपये की बचत होगी।
गेहूं की नई फसल बाजार में आ गई है। गेहूं की कीमत में कमी आने के कारण उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलना चाहिए। इसके कारण आटे की कीमत कम की जा रही है।
-सुनील गुप्ता, महासचिव, चंडीगढ़ चक्की ऑनर एसोसिएशन चंडीगढ़