अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार ने अंबाला, हिसार और फतेहाबाद में सीवरेज व्यवस्था व पेयजल प्रबंधन के लिए 340 करोड़ रुपये से अधिक लागत की पांच परियोजनाओं को मंजूरी दी है। अंबाला में परियोजनाओं पर 165.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें नगर निगम क्षेत्र के भीतर 11 विलय किए गए गांवों में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करना, नयागांव में मौजूदा स्थल पर 1.25 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कंवला गांव के लिए 1.40 एमएलडी एसटीपी और अंबाला के देवीनगर में अंबाला ड्रेन के लिए 50 एमएलडी एसटीपी का निर्माण शामिल है।
हिसार में अमृत 2.0 परियोजना के तहत हांसी शहर में पेटवाड़ माइनर के बजाय नहर की बरवाला ब्रांच से पानी की व्यवस्था करना है। इस पर 61.44 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। आदमपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्रावधान और मौजूदा सीवरेज सिस्टम को मजबूत करने की भी परियोजना है। इसकी लागत 65.11 करोड़ रुपये से अधिक आएगी। फतेहाबाद में जाखल शहर में पेयजल आपूर्ति योजना का विस्तार करने और एक नई जल आपूर्ति पाइपलाइन बिछाने की परियोजनाएं हैं। इनकी कुल लागत सात करोड़ रुपये से अधिक आएगी। इसके अलावा रतिया शहर में पाइप लाइनों को बिछाना, पुरानी पाइप लाइनों को बदलना, संतुलन क्षमता जलाशय के लिए पंपिंग सेट की आपूर्ति और निर्माण करना और विभिन्न जल आपूर्ति प्रतिष्ठानों में एलओटी सिस्टम स्थापित करना शामिल है। इस परियोजना की लागत 40.88 करोड़ रुपये से अधिक है।