चंडीगढ़ में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव विभाग खास तैयारियां कर रहा है। पहली बार शहर में पांच मतदान केंद्र थीम आधारित बनाए जाएंगे। इन पांचों मतदान केंद्रों पर चंडीगढ़ के हेरिटेज, रॉक गार्डन, वायुसेना विरासत केंद्र, राउंड अबाउट और गार्डन समेत की झलक नजर आएगी। चुनाव विभाग की तरफ से इन पांच मतदान केंद्रों के लिए अलग-अलग सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) की जिम्मेदारी तय की गई है।
चुनाव विभाग के अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद लोगों को अपने वोट की ताकत के साथ चंडीगढ़ की खूबसूरती का भी एहसास हो, इसलिए ही यह थीम आधारित मतदान केंद्र बनाने का फैसला लिया गया है। इसमें जिस थीम पर, जो मतदान केंद्र तैयार किया जाएगा, वहां उसी थीम की एंट्री गेट के साथ अंदर भी थीम के अनुरूप ही तस्वीरें, होर्डिंग व कट आउट लगाए जाएंगे।
ऐसा इसलिए भी है ताकि लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद अपना अनुभव बाकी लोगों के साथ साझा करें। यह देखने के बाद अन्य लोग भी मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे। जिस भी थीम पर, जिस मतदान केंद्र को चुना गया है, उसे उसी तरह से सजाया जाएगा। इसको लेकर सभी तरह की तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान केंद्रों को तैयार करने के लिए पांच सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। इन मतदान केंद्रों को थीम पर तैयार करने के साथ ही यहां पर कई तरह की सुविधा भी दी जाएंगी। इनमें सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ एनएसएस वॉलिंटियर्स मतदान करने के लिए पहुंचे लोगों की मदद करने के लिए मौजूद रहेंगे। साथ ही धूप से बचने के लिए शेड आदि की भी व्यवस्था की जाएगी।
यहां बनेंगे थीम आधारित मतदान केंद्र
थीम स्थान
आर्किटेक्चरल हेरिटेज ऑफ चंडीगढ़ जिम्नेजियम हॉल, सीसीए, पेक, सेक्टर-12
रॉक गार्डन मोती राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-27ए
चंडीगढ़- द सिटी ब्यूटीफुल रिम्ट वर्ल्ड स्कूल, मनीमाजरा
एयरफोर्स हेरिटेज म्यूजियम गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल, सेक्टर-31सी
राउंड अबाउट और गार्डन गुरु नानक पब्लिक स्कूल, सेक्टर 36
15 अन्य मतदान केंद्रों की भी अलग होगी पहचान
शहर में इस बार 15 अन्य मतदान केंद्रों की भी पहचान अलग होगी। इसमें पांच ऐसे मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी दिव्यांग होंगे। इसी तरह पांच बूथ महिलाओं द्वारा संचालित और पांच बूथ ऐसे बनाए जाएंगे, जिसे यूथ बूथ कहा जाएगा। यहां तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी 30 साल से कम उम्र के होंगे। जिन मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत कम है। उन्हें खास मतदान केंद्रों के रूप में बदला जाएगा।
इसमें पांच बूथ ऐसे होंगे, जो पूर्ण रूप से महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। पांच मतदान केंद्र पूरी तरह से दिव्यांग मतदान कर्मियों के जिम्मे होगा। यहां प्रिसाइडिंग ऑफिसर से लेकर पीएन, पी-टू और पी-थ्री मदानकर्मी दिव्यांग होंगे। दिव्यांग मतदानकर्मियो कों समाज के मुख्यधारा में जोड़ने के लिए यह पहल की गई हैं, जिससे उनके अंदर भी आत्मविश्वास जाग सके।