पंजाब फिरोजपूर के आए तूफान से एक पैलेस की छत गिरने और पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। तीन लोग जीरा गांव में मारे गए, वहीं कुलगढ़ी के पास बाइक पर सवार दंपति पर पेड़ गिरने से दोनों की मौत हो गई। बारह लोग जख्मी हो गए। इसके अलावा क्षेत्र में पेड़ व बिजली के खंबे गिरने से शुक्रवार और शनिवार को बिजली गुल रही।
उधर, जीरा के डीएसपी हरदेव सिंह बोपाराय का कहना है कि तूफान में मरने वालों की संख्या तीन है। जख्मियों की संख्या पता नहीं लग सकी। जानकारी के अनुसार जीरा के सनराइज पैलेस की मरम्मत का कार्य चल रहा था। शुक्रवार देर रात आए तूफान से बचने के लिए चार मजदूर पैलेस के भीतर घुस गए। तूफान इतना जबरदस्त था कि पैलेस की छत उड़ गई और मलबा गिरने से चार लोग दब गए।
इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें फरीदकोट रेफर किया। बताया जा रहा है कि उनकी से एक की रास्ते में मौत हो गई। मरने वालों की पहचान यादप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, बलविंदर सिंह के रूप में हुई है जबकि जसबीर सिंह गंभीर रूप से घायल है।
इसके अलावा कुलगढ़ी के आसपास एक बाइक पर दंपति आ रहे थे कि तेज तूफान के कारण उन पर एक पेड़ गिर गया जिस कारण उनकी भी मौत हो गई लेकिन दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। क्षेत्र में तूफान में फंसे लगभग बारह लोगों के जख्मी होने की सूचना है।
तेज तूफान के कारण जीरा और मक्खू में सड़कों पर पेड़ गिर गए और बिजली के खंबे गिरने से शनिवार को जीरा में बिजली गुल रही। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात तूफान के कारण सड़क किनारे खानपान के लगे खोखे भी उड़कर वाहनों में लगे जिस कारण कई वाहनों के शीशे टूट गए।