चंडीगढ़। बंगलूरू की एक कंपनी ने 1500 किलो पैरासिटामोल पाउडर बेचने के नाम पर इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी को 5,05,200 रुपये की चपत लगा दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने नई दिल्ली के वसंत कुंज निवासी विनोद शर्मा और बंगलूरू निवासी बालाजी जॉन के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 स्थित बायोटेक प्राइवेट कंपनी के ललित डोगरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी को पैरासिटामोल पाउडर की जरूरत थी। उन्होंने 2 दिसंबर 2017 को इंडिया मार्ट कंपनी से संपर्क कर पैरासिटामोल पाउडर खरीदना चाहा। इस दौरान कंपनी ने पाउडर को खरीदने के लिए बंगलूरू की एली लिल्ली कंपनी से खरीदने के लिए कहा। इसके बाद कंपनी के सेल एंड मार्केटिंग मैनेजर बालाजी जॉन ने संपर्क कर 1500 किलो पैरासिटामोल पाउडर देने को तैयार हो गए। इसके एवज में उन्होंने पाउडर का बिल पांच लाख पांच हजार 200 रुपये बंगलूरू की कंपनी के बैंक खाते में जमा करवा दिए, लेकिन अब कंपनी सामान देने को तैयार नहीं है। इससे परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।