पंजाब के लुधियाना के गांव मानगढ़ में नहाते वक्त तालाब में डूबने से एक ही परिवार के चार बच्चों समेत छह की मौत हो गई। बच्चों को बचाने गए 22 वर्षीय युवक की भी डूबने से जान चली गई। तालाब में डूबने वालों में दो लड़कियां और चार लड़के हैं। कंट्रोल रूप में सूचना मिलने के बाद थाना कूमकलां की पुलिस भी मौके पर टीम के साथ पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया और सभी शवों को बाहर निकलवाया। मृतक बच्चों की पहचान मोहम्मद कालिम (10), लक्ष्मी (10) उसका भाई छोटे (8), मोनू (6) और सबसे छोटी बहन प्रिया (4) के रूप में हुई है, जबकि उन्हें बचाने गए मृतक युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। मृतक चार बच्चों का पिता संजय मूलरूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित गुलिया, पीओ रहाता का रहने वाला है। यहां वह मुकेश के बेहड़े (आंगन) में परिवार संग रहता है और मजदूरी करता है।