मोहाली/खरड़। पटवारी भूपिंदर सिंह से 24 अप्रैल को लाइसेंसी रिवाल्वर और नकदी छीनने वाले पांच शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल, सात कारतूस और दो कार बरामद हुई हैं। आरोपियों की पहचान साहिल बेरी वासी सिरसा, आशुतोष कुमार वासी पलवल हाल वासी होस्टल चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, कपिल अत्री वासी फरीदाबाद हाल वासी खरड़, अजय कुमार वासी दिल्ली और आर्या बसंत वासी चंबा के रूप में हुई हैं। मुख्य आरोपी साहिल बेरी से पूछताछ के बाद अन्य साथियों को पुलिस ने काबू किया गया है। एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि कुछ दिन पहले भूपिंदर सिंह उर्फ पटवारी के साथ मारपीट और उसकी कार की तोड़फोड़ कर उससे लाइसेंसी पिस्टल छीनने का मामला सामने आया था। इसमें ना-मालूम व्यक्तियों के खिलाफ सदर खरड़ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमनदीप सिंह बराड़ एसपी (इन्वेस्टिगेशन) और डीएसपी गुरशेर सिंह ने एक टीम का गठन किया। आरोपियों को सीसीटीवी और दूसरे तकनीकी साधन की मदद से पड़ताल कर मुख्य दोषी साहिल बेरी समेत उक्त दोषियों को गिरफ्तार किया गया।
यह था मामला
गांव संतेमाजरा में 24 अप्रैल देर रात हलका संतेमाजरा के मौजूदा पटवारी के साथ अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट और उनका लाइसेंसी रिवाल्वर और नकदी छीन ली थी। लगभग एक-दो बजे के करीब वह अपने घर ग्रीन सिटी की ओर अपने दोस्त तरनजीत सिंह घोलू की जीप लेकर जा रहे थे। जब वह ग्रीन सिटी के नजदीक पहुंचे तो अचानक दो गाड़ियां आईं, जिन्होंने उनकी गाड़ी को घेर लिया। उक्त दोनों गाड़ियों से 10-12 लोग बाहर निकले और गाड़ी से जबरदस्ती उन्हें बाहर खींचकर उनके साथ बेसबाल, बैट व डंडों के साथ मारपीट की। वहीं गाड़ी की भी तोड़फोड़ की। हमलावर जाते हुए उसका लाइसेंसी रिवाल्वर व नकदी छीनकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्य आरोपी से पुलिस से हुई थी मुठभेड़
शिवालिक अपार्टमेंट के पास से पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ 29 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। पुलिस ने आत्मरक्षा में उक्त आरोपी की टांग पर एक फायर किया था जो उसकी बाईं टांग पर लगा। इसके बाद उसे जख्मी हालत में काबू कर उसके पास से .32 बोर का एक पिस्टल, दो कारतूस और दो खोल बरामद किए।