मोहाली। पुलिस ने कोर्ट में अपराधियों के फर्जी जमानती बांड के एक गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अब पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। डीएसपी सिटी एचएस बल ने कहा कि अपराधियों के फर्जी जमानती बांड भरने वाले व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह निवासी मोहल्ला जट्टा वाला पुराना राजपुरा व सुनील गिरी निवासी सुल्तानपुर बरमोड़ा बरेली उत्तर प्रदेश दोनों हाल वासी गुरुद्वारा साहिब संते माजरा बलौंगी के रूप में हुई है। पूछताछ करने पर पता चला कि यह एक पूरा गिरोह है। वह अपराधियों को अलग-अलग अदालतों में फर्जी दस्तावेज पेश कर जमानत पर रिहा कराते थे। पूछताछ के बाद सिमरनजीत सिंह उर्फ सिम्मी निवासी भरत कॉलोनी राजपुरा जिला पटियाला, जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी निवासी गुरु नानक नगर, राजपुरा जिला पटियाला और सुखवीर सिंह निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर, राजपुरा पटियाला को नामजद कर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरोह के मास्टरमाइंड संगरूर निवासी लक्की निवासी संगरूर, बिल्ला मुंशी वासी मोहाली, सोनू वासी अंबाला और डेराबस्सी निवासी भाग सिंह को गिरफ्तार किया जाना बाकी है। इनसे फर्जी जमानत बांड भरते समय इस्तेमाल किए जाते फर्जी दस्तावेज बरामद हो सकते हैं।