चंडीगढ़। आय से अधिक संपत्ति मामले का सामना कर रहे मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू से मंगलवार को विजिलेंस ने दोबारा पूछताछ की। विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे उनके रियल एस्टेट प्रोजेक्ट और गांव दैड़ी से जुड़ी जमीन को लेकर सवाल जवाब किए। उन्होंने जमीन का सारा रिकॉर्ड भी विजिलेंस को सौंपा है।
वहीं, विजिलेंस ब्यूरो ने अब उनसे जमीन से कुछ और रिकॉर्ड मांगा है। इसे लेकर अब उन्हें 7 जून को विजिलेंस ब्यूरो के समक्ष दोबारा पेश होना पड़ेगा। हालांकि अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि जिस मामले की जांच के लिए उन्हें बुलाया गया था उस संबंधी शिकायत की कॉपी अभी तक विजिलेंस ने उन्हें दिखाई नहीं है। वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
पूर्व सेहतमंत्री के छोटे भाई हैं अमरजीत सिंह जीती
मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू पूर्व सेहतमंत्री एवं भाजपा नेता बलबीर सिंह सिद्धू के छोटे भाई हैं। वह मंगलवार को विजिलेंस के दफ्तर में सुबह नौ बजे पहुंच गए थे। वह करीब दो घंटे तक विजिलेंस के दफ्तर में रहे। विजिलेंस दफ्तर से बाहर आने पर उन्होंने कहा कि उनकी रियल एस्टेट कंपनी से जुड़ी जमीन संबंधी उन्हें बुलाया गया था। वह दस्तावेजों सहित विजिलेंस ब्यूरो के समक्ष पेश हुए थे। गौरतलब है कि अमरजीत सिंह जीती सिद्धू के भाई बलबीर सिंह सिद्धू के खिलाफ भी जांच चल रही है। उन्हें दो जून को तलब किया गया है।
कोट्स...
विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वायड उनकी रियल एस्टेट से जुड़ी कंपनी के बारे में सवाल-जवाब करने के लिए बुलाया था। इनके पास आकर सारे दस्तावेज पेश कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गांव दैड़ी स्थित जमीन के तबादले को लेकर आरोप लगे हैं। इस संबंध में उन्हें हाईकोर्ट के आदेशों की कॉपियां भी जमा करवा दी हैं। कुछ दस्तावेज उन्होंने और मंगवाए हैं। उन्हें सात जून को लेकर आऊंगा। अभी मुझे शिकायत की कॉपी नहीं दी गई है। -अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, मेयर