टिकट के ऐलान के बाद भाजपा प्रत्याशी और राज्यसभा में नेता विपक्ष अरुण जेटली मंगलवार को अमृतसर पहुंचे।
एयरपोर्ट के बाहर से जेटली अकाली और भाजपा नेताओं के साथ खुले ट्रक में सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए हरमंदिर साहिब और दुर्ग्याणा मंदिर में माथा टेका। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सियासी गुरू का स्वागत करने के लिए वर्तमान सांसद नवजोत सिंह सिद्धू नहीं पहुंचे, हालांकि उनकी पत्नी और मुख्य संसदीय सचिव नवजोत कौर ने रास्ते में जेटली का स्वागत किया।
स्वागत मार्च के दौरान आतिशबाजी के कारण गुब्बारा फटने से निकाय मंत्री अनिल जोशी समेत दर्जन भर लोग झुलस गए।
अमृतसर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जेटली के स्वागत के लिए समर्थकों की हुजूम लगी रही। रोड शो के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जेटली का जोरदार स्वागत किया गया।
रोड शो में जेटली के साथ राजस्व मंत्री विक्रमसिंह मजीठिया, पशुपालन मंत्री गुलजार सिंह रणिके, स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा, सचिव तरुण चुग, जिलाध्यक्ष नरेश शर्मा ट्रक पर मौजूद थे।
जेटली का रोड शो राजासांसी, से होते हुए अजनाला रोड, मीरां कोट, हरतेल अस्पताल, किचलू चौंक, सर्किट हाउस, आयकर टैक्स चौक, भंडारी पुल, हॉल गेट से शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए हरमंदिर साहिब पहुंचा।
यहां पर भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला काफिले में शामिल हुईं। हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद अरुण जेटली दुर्ग्याणा मंदिर और श्री राम तीर्थ के भी दर्शन किए।