मोहाली के गांव कुंभड़ा में डायरिया का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को यहां से दोपहर 2 बजे तक 14 नए मरीज आए हैं। अब चार दिनों में डायरिया के मरीजों की संख्या 89 पर पहुंच गई है। साथ ही चार मरीजों में हैजा की पुष्टि हुई है। इनमें तीन मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, एक मरीज को छुट्टी दे दी गई है।
गांव कुंभड़ा में फैले डायरिया को लेकर प्रशासन पूरी तरह से चुस्त है। शुक्रवार को नगर निगम की कमिश्नर नवजोत कौर खुद अधिकारियों के साथ गांव में मौजूद रहीं। उनके साथ नगर निगम के अधिकारियों के अलावा जल सप्लाई विभाग, सेहत विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को डायरिया से लोगों को छुटकारा दिलवाने के लिए हिदायतें दी। उन्होंने गांव और इसके साथ लगते इलाके में सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए पांच-पांच सदस्यों की चार टीमों का गठन किया है। इनकी डयूटी गांव कुंभड़ा और साथ के इलाकों में लगाई गई है। हिदायत दी है कि प्रभावित इलाके में रोजाना दो बार फॉगिंग करवाई जाए और इसके साथ ही मच्छरों के खात्मे के लिए स्प्रे और लिटरिंग करने वाले व्यक्तियों पर सख्त करवाई करने के भी निर्देश दिए।
निगम इंजीनियर, सहायक इंजीनियर, पब्लिक हैल्थ विभाग को आम जनता के लिए लगातार पानी की सप्लाई करने के लिए साफ और क्लोरोनेटिड पानी के टैंकर मुहैया करवाने के लिए कहा। मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए प्राइमरी हेल्थ सेंटर में रात के समय एमरजेंसी केस में एंबुलेंस के लिए ड्राइवर की मांग की गई थी, जिसको ध्यान में रखते हुए निगम के एक ड्राइवर की ड्यूटी इस कैंप में लगाई गई। इस दौरान कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि इस बीमारी से बचाव के लिए सेहत विभाग की ओर से समय समय पर जारी की गई हिदायतों का पालना करें।