आश्विन नवरात्र मेले के पहले हजारों श्रद्धालुओं ने श्री माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन किए। वीरवार को श्री माता मनसा देवी और श्री काली माता मंदिर कालका में 12 लाख 75 हजार 381 रुपये की राशी दान के रूप में अर्पित की गई।
विज्ञापन
वहीं कुल 56 हजार 687 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकुल कुमार ने बताया कि वीरवार को पहले नवरात्र के मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा श्रीमाता मनसा देवी व श्री काली माता मंदिर कालका में सोने के 7, चांदी के 62 नग दान स्वरूप अर्पित किए गए। उन्होंने बताया नवरात्र के पहले दिन श्री माता मनसा देवी मंदिर में 8 लाख 85 हजार 381 और श्री काली माता मंदिर कालका में 3 लाख 89 हजार 706 रुपये की राशी अर्पित की गई।
इसी प्रकार श्री माता मनसा देवी मंदिर में सोने के 7 और चांदी के 25 नग दान स्वरूप अर्पित किए गए। जबकि श्री काली माता मंदिर कालका में चांदी के 27 दान श्रद्धालुओं द्वारा माता के चरणों में भेंट किए गए।
विज्ञापन
राज्यपाल ने की पूजा अर्चना
Mata Mansa Devi, Panchkula
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने वीरवार को प्रथम नवरात्र मेला के शुभा अवसर पर माता मनसा देवी मंदिर में माता के दर्शन और माता के चरणों में पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत राज्यपाल ने मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला में भी पूजा की और यज्ञ में आहुतियां डाली।
इस मौके पर राज्यपाल ने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा प्रकाशित हरियाणा का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री माता मनसा देवी शक्ति पीठ नामक पुस्तक का विमोचन किया। मेला परिसर में आयुष विभाग द्वारा लगाए गए निशुल्क शिविर का अवलोकन भी किया।
इस मौके पर राज्यपाल ने सभी को नवरात्र की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज से दुर्गा नवरात्रों का प्रारंभ हो हुआ है। शक्ति पीठ मनसा देवी मंदिर में आकर घट स्थापना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया है।
पंचकूला श्रीमाता मनसा देवी मंदिर में श्री शिव कांवड़ महासंघ चेरीटेबल ट्रस्ट की ओर से माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से मां के 9 दिनों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।
मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकुल कुमार ने किया। ट्रस्ट के प्रधान राकेश संगर ने मुकुल कुमार का स्वागत किया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुकुल कुमार ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और सभी को जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। राकेश संगर ने बताया कि श्राइन बोर्ड के सहयोग से हर साल नवरात्र मेले में रक्तदान शिविर लगाये जाएंगे।
इस मौके पर जीएमसीएच सेक्टर 32 के डाक्टरों की टीम ने रक्त एकत्रित किया। रक्तदान के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आज 89 श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर सुभाष गुप्ता, गुलशन कत्याल, प्रवीण, जोगिंद्र सेतिया, प्रवीण सिंगला, लक्ष्मण सिंह, राजकुमार, भारत भूषण, गोवी एवं अर्पणा नेगी भी उपस्थित थे।