उपमंडल के गांव लहर बेट में शनिवार शाम जमीन विवाद के चलते फायरिंग से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना मक्खू पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार गांव लहर बेट निवासी दर्शन सिंह ने करीब सात साल पहले अपनी सवा एकड़ जमीन 9 लाख रुपये में बलविंदर सिंह को बेची थी। बलविंदर ने 5 लाख 70 हजार रुपये देकर बाकी रकम एक साल बाद देने का वायदा करके जमीन पर कब्जा कर लिया। वह पैसों के लिए लगातार सात साल तक दर्शन सिंह को टरकाता रहा। पिछले दिनों दर्शन सिंह ने उक्त जमीन अपने बेटों के नाम कर दी।
इसी बात को लेकर शनिवार को दिन में पंचायत हुई और यह फैसला किया गया कि अगर आज बलविंदर सिंह जमीन छोड़ता है तो आज की कीमत के अनुसार दर्शन सिंह बलविंदर को 28 लाख रुपये देगा और अगर बलविंदर कब्जा नहीं छोड़ता तो दर्शन सिंह और उसके बेटे उसे जमीन पर गेहूं की बिजाई नहीं करने देंगे। लेकिन बलविंदर ने पंचायत का फैसला नहीं माना और शाम को जमीन पर गेहूं की बिजाई करने चला गया।
दर्शन सिंह और उसके बेटों ने उसे रोका। दोनों पक्षों में तनातनी हो गई और दोपहर वाली पंचायत के लोग भी वहां पहुंच गई। इसी दौरान बलविंदर सिंह ग्रुप की ओर से एक फायर हुआ जो सीधा दर्शन सिंह को लगा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। थाना मक्खू पुलिस मामले की जांच कर रही है।