परिवार शादी में गया हुआ था और पीछे से घर में धमाके के साथ आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि सारा घर जलकर खाक हो गया। घटना हरियाणा के बहादुरगढ़ की है। नेहरू पार्क कालोनी में बीती रात धमाके के साथ मकान में आग लग गई। आग उस समय लगी जब घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। इससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
धमाके के बाद पड़ोसी भी अपने घरों से बाहर निकल आए। जब घर से धुआं उठता देखा तो पड़ोसियों ने अग्निशमन विभाग व 100 नंबर पर कॉल करनी शुरू की, लेकिन अग्निशमन विभाग में तो फोन मिला ही नहीं। जबकि 100 नंबर पर किसी ने भी फोन नहीं उठाया। नेहरू पार्क कालोनी में डीएसपी वाली गली में स्थित एक मकान में बुधवार की रात आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने के बाद घर में काफी तेज धमाका भी हुआ।
इस धमाके में घर के खिड़की और दरवाजे भी टूट गए। यह सुनकर पड़ोस के काफी लोग घरों से निकले और उन्होंने परमवीर उर्फ चिंटू के मकान में आग लगी देखी। पड़ोसियों ने आग को देखकर फायर ब्रिगेड में सूचना देने के लिए फोन मिलाने शुरू किए, लेकिन वहां का नंबर मिल ही नहीं पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना देने के लिए 100 नंबर पर कॉल की गई। वहां पर कोई रिस्पोंस नहीं मिल पाया।
आखिर में लोगों ने वार्ड के पार्षद को फोन करके इसकी सूचना दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सूचित किया। पुलिस कर्मियों ने भी अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फिर भी कई देर तक अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड कर्मचारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। मगर तब तक घर में रखा काफी सामान जल चुका था। करीब आधे घंटे बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पड़ोसियों ने घर में आग लगी देखने के बाद बाहर से घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया था। परवमीर ने बताया कि इस आग में उसका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें बैड, एलईडी टीवी, सोफा सैट, संदूक, एसी व पंखें जल गए। पड़ोसियों ने ही उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना दी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।