चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित पायनियर टोयोटा वर्कशॉप में लगी आग के कारणों का पता लगाने के लिए सोमवार को दमकल विभाग और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। सूत्र बताते हैं कि घटनास्थल की फोटोग्राफी कराने साथ जांच करने की पहुंची टीम ने कुछ सैंपल भी लिए। साथ ही आग लगने वाले स्थान से कुछ सामान को किनारे करवाते हुए घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित करा दिया। दमकल विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कंपनी की ओर से आग से बचाव के सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है। हादसे में पांच गाड़ियां ज्यादा जली हैं, जिनमें वह गाड़ियां भी हैं जिनके ईंधन के टैंक तक आग पहुंचने के कारण तेज धमाके हुए। इसके साथ ही मरम्मत के लिए खड़ीं गाड़ियों के कुछ पार्टस और अन्य गाड़ियां भी हल्की-फुल्की आगे की चपेट में आईं हैं।गौरतलब है कि रविवार शाम सात बजे करीब औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में स्थित पायनियर टोयोटा एजेंसी के शोरूम के पीछे बने वर्कशॉप में अचानक आग लग गई थी। हादसे के समय शोरूम और वर्कशॉप दोनों बंद थे। देखते-देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और करीब 10 गाड़ियां जलकर राख हो गईं। इलाके में गश्त कर रहे थाना प्रभारी ने वर्कशॉप से धुआं उठते देख घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच करीब डेढ़ घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद आग काबू पाया। इस हादसे में 10 के करीब गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं थीं।