चंडीगढ़। मोहाली के औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 के एक होटल में महाप्रबंधक के तौर पर कार्यरत व्यक्ति के सेक्टर-8बी स्थित घर से लाखों रुपये के गहने और 75 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। जिस समय यह चोरी हुई तब शिकायतकर्ता अपने परिवार के साथ होशियारपुर में पुश्तैनी घर गए हुए थे और घर पर ताला था। जतिंदर जट्टा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि कोई उनके घर का ताला तोड़कर उनकी सोने की चेन, दो कड़े, महिलाओं की छह चुड़ियां, दो नेकलेस सेट, टोपस की तीन जोड़ियां, एक हीरे की अंगुठी, एक हीरे का टोपस, तीन अंगुठियां, कड़ा और बच्चे की एक लॉकेट वाली चेन, महिलाओं के चार सूट, चार सर्दियों की शॉल, दो महिलाओं की जैकेट और 75 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गया। घटना बीते 16 सितंबर को घटी थी। सेक्टर-3 थाना पुलिस की टीम घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची और मामले में चोरी और ट्रेसपासिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह मोहाली फेज-तीन के एक होटल में महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। बीते 16 सितंबर को दोपहर लगभग 1.30 बजे शिकायतकर्ता अपने परिवार के साथ होशियारपुर स्थित पुश्तैनी घर गया हुआ था। 17 सितंबर को शाम 4.40 बजे जब वह घर आया तो पहली मंजिल पर घर का ताला टूटा पाया और अंदर दोनों कमरों में सामान बिखरा हुआ था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।