हाईवे पर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। चार लोगों के परिवार ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं हादसे के बार पूरा परिवार सहमा हुआ है। घटना रविवार 12 बजे की मोहाली में एयरपोर्ट रोड की है। गनीमत रही कि आग टैंक तक नहीं पहुंची, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
30 मिनट देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड ने जब तक आग बुझाई तब तक कार जल चुकी थी। जानकारी के अनुसार साहनेवाल निवासी सूरज भाटिया अपने परविार के साथ गुरद्वारा दांऊ साहिब में माथा टेकने के बाद अपने रिश्तेदार के घर फेज 11 जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार एयरपोर्ट रोड की ओर मोड़ी तो कुछ दूर जाते ही पेट्रोल की कार के बोनट से धुआं निकलने लगा।
उन्होंने कार रोककर चेक की तो उसमें आग लगी थी। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी और बच्चों को कार से निकाला। सूरज ने बताया कि कुछ ही मिनटों में कार आग की लपटों में घिर गई। राहगीरों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद पीसीआर ने मोहाली फायर ब्रिगेड को सूचित किया। करीब 30 मिनट देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई मगर तब तक कार जल चुकी थी। सूरज ने बताया कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।