चंडीगढ़। पीजीआई के एडवांस कार्डियक सेंटर में शनिवार को जिस मरीज की सर्जरी के दौरान ओटी में आग लगी थी उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पीजीआई प्रशासन के अनुसार मरीज की सर्जरी की जा चुकी है और वह आईसीयू में है। फिलहाल डॉक्टर लगातार उसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। वहीं, केंद्र के चार ओटी में से फिलहाल दो ही ओटी संचालित हो रही है। अन्य दो ओटी को शुरू करने संबंधी निर्णय सोमवार को लिया जाएगा।सूत्रों के अनुसार प्रभावित थियेटरों को ठीक होने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। सूत्रों ने बताया कि ओटी 1 और ओटी 2 आपस में जुड़े हुए हैं। यहां आग लगी थी, दोनों की सफाई की जा रही है। टूटे हुए शीशे बदले जा चुके हैं और उपकरणों का मूल्यांकन किया जा रहा है। साथ ही जिस मरीज का ऑपरेशन आग लगने के दौरान किया जा रहा था, उसकी हालत अब भी वैसी ही है और किसी भी तरह के संक्रमण आदि के लिए उसकी बारीकी से निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पीजीआई के अधिकारी सोमवार को अस्पताल के इलेक्ट्रिकल विभाग के साथ बैठक करेंगे, जिसमें परिसर में हाल ही में हुई आग की घटनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्डियोलॉजी विभाग के पास उपलब्ध एक ओटी पेंडेंट उसी स्पेसिफिकेशन का है, जो जले हुए पेंडेंट के समान है। पीजीआई के एक अधिकारी ने बताया कि इस पेंडेंट को कुछ सुरक्षा संशोधनों के साथ ठीक किया जा रहा है, साथ ही अलग लाइन और पावर प्वाइंट वाले नए पेंडेंट के लिए कोटेशन भी मंगाए गए हैं। संस्थान के इलेक्ट्रिकल विभाग ने एडवांस्ड कार्डियक सेंटर में कार्डियक केयर यूनिट और सीटीवीएस के आईसीयू में मरम्मत और रखरखाव का काम भी शुरू कर दिया है। पीजीआई में इलेक्ट्रिकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया पिछले एक हफ्ते से विभाग के आईसीयू में करीब 30 बेड हेड पैनल को अलग करने का काम कर रहे हैं। साथ ही एसी डक्ट को भी साफ किया गया है। जिससे किसी भी तरह की अनहोनी होने की आशंका को कम किया जा सके।